C-Vigil ऐप लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ होगा लॉन्च, नहीं होगा आचार संहिता का उल्लंघन
आम चुनावों की घोषणा होने के साथ देश में आचार संहिता लागू होने की घोषणा भी की जाएगी। इस बात की जानकारी देश के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने दी है। इसी के साथ एक ऐप भी लॉन्च की जाएगी जिसका नाम C Vigil होगा। आम चुनावों में आचार संहिता का उल्लंघन न किया जाए इसी के लिए इस ऐप को लॉन्च किया जाएगा। इस ऐप के जरिए देश का कोई भी नागरिक आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी या शिकायत दर्ज कर सकता है। यह सूचना सीधा आयोग के पास जाएगी। ऐसे में देखा जाए तो यह ऐप लॉन्च कर आम नागरिक को चुनावों के दौरान स्पेशल पावर दी जाएगी।
मार्च के पहले या दूसरे हफ्ते में चुनावों की घोषणा कर दी जाएगी। साथ ही आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। चुनाव आयोग का उच्चस्तरीय दल 2019 आम चुनावों की तैयारियों की जानकारी लेने झारखंड आया था। यहीं पर दल का नेतृत्व कर रहे मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने इस ऐप के बारे में जानकारी दी।
C Vigil ऐप के बारे में:
- इस ऐप को आम चुनावों की घोषणा के साथ ही लॉन्च किया जाएगा।
- यह ऐप मतदान के एक दिन बाद तक सक्रिय रहेगी।
- अगर कोई भी आचार संहिता का उल्लंघन करता है तो उसकी शिकायत यहां दर्ज की जा सकती है।
- अगर आपको लगता है कि कोई व्यक्ति आचार संहिता का उल्लंघन कर रहा है तो उससे जुड़ी फोटो या दो मिनट तक की वीडियो आप इस पर शेयर कर पाएंगे।
- इन शिकायतों को समयसीमा के अंदर ही हल किया जाएगा।